प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलवान अमन सहरावत को पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। अमन ने शुक्रवार को खेले गए कांस्य पदक मुकाबले में पुअर्तो रिको के डारियान टोई क्रूज को 13-5 से हराया। इस तरह भारत ने पेरिस खेलों में अपना छठा पदक जीता। भारत अब तक पेरिस ओलंपिक में पांच कांस्य और एक रजत के साथ कुल छह पदक जीत चुका है।
प्रधानमंत्री ने अमन को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, और गौरवान्वित पल, इसके लिए हमारे पहलवानों को धन्यवाद! पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतने के लिए अमन सहरावत को बधाई। उनकी लगन और दृढ़ता साफ तौर पर दिखाई देती है। पूरा देश इस उल्लेखनीय उपलब्धि का जश्न मना रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमन को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक जीतने पर अमन सहरावत को हार्दिक बधाई। पेरिस ओलंपिक में भारत को अपना छठा पदक जीतते देखकर बहुत खुशी हुई। हमारे ओलंपिक टीम के प्रदर्शन पर पूरे देश को गर्व है।