फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pele Hospitalized: पूर्व दिग्गज फुटबॉलर पेले की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती, रिवाल्डो-एम्बापे ने मांगी दुआ

Sat, 03 Dec 2022 08:28 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, साओ पाउलो

सार

पेले के अस्पताल जाने के बाद यह बताया जाने लगा कि उनकी हालत गंभीर है, लेकिन उनकी बेटी केली नैसिमेंटो ने इसे खारिज किया था। अब ब्राजील की मीडिया के हवाले से खबरें आ रही हैं कि उनकी हालत नाजुक है।
विज्ञापन
ब्राजील के महानतम फुटबॉलर पेले - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कतर में चल रहे विश्व कप के बीच ब्राजील से फुटबॉल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर नहीं आई है। पूर्व दिग्गज फुटबॉलर पेले की हालत नाजुक है। वह साओ पाउलो के एक अस्पताल में भर्ती हैं। पेले को सामान्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनके शरीर के अंगों पर कीमोथैरेपी का कोई असर नहीं हो रहा है। इस कारण उन्हें पैलिएटिव केयर (प्रशामक देखभाल) में शिफ्ट किया गया है। इसे एंड ऑफ लाइफ केयर भी कहा जाता है।
विज्ञापन


अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक, पेले के शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। उनके ऊपर कीमोथैरेपी का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। पेले कैंसर से जूझ रहे हैं। पेले के अस्पताल जाने के बाद यह बताया जाने लगा कि उनकी हालत गंभीर है, लेकिन उनकी बेटी केली नैसिमेंटो ने इसे खारिज किया था। अब ब्राजील की मीडिया के हवाले से खबरें आ रही हैं कि उनकी हालत नाजुक है।

दुनिया भर के लोग मांग रहे दुआ
पेले की हालत को देखकर दुनिया के कई फुटबॉलरों ने ट्वीट करना शुरू कर दिया है। फ्रांस के युवा स्टार किलियन एम्बापे ने कहा कि किंग के लिए दुआ कीजिए। वहीं, ब्राजील के पूर्व स्टार रिवाल्डो ने लिखा- किंग के मजबूती मिले। फुटबॉल विश्व कप के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी पेले के लिए दुआ मांगी गई है। कतर विश्व कप के आयोजकों ने भी पेले के लिए दुआ मांगी और दोहा की एक इमारत पर लेजर लाइट के जरिए उनकी तस्वीर को दिखाया और लिखा- जल्दी ठीक हो जाइए।
विज्ञापन





विज्ञापन



पेले ने किया था इंस्टाग्राम पर पोस्ट
पेले ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शुक्रवार को सेहत के बारे में जानकारी दी थी। साथ ही कतर द्वारा इमारत पर दिखाई गई अपनी तस्वीर को भी शेयर किया था। उन्होंने लिखा था, ''दोस्तों, मैं नियमित जांच के लिए अस्पताल में हूं। इस तरह के सकारात्मक संदेश प्राप्त करना हमेशा अच्छा होता है। इसके लिए कतर का धन्यवाद और उन सभी का जो मुझे अच्छा संदेश भेजते हैं!''



सात महीने पहले भी हुए थे भर्ती
सात महीने पहले भी पेले को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब नियमित जांच के बाद वो बाहर आ गए थे। 82 वर्षीय पेले के कोलन (बड़ी आंत) से सितंबर 2021 में ट्यूमर हटाया गया था। उसके बाद से वह नियमित अस्पताल जाते हैं। ईएसपीएन ब्राजील ने बताया कि पेले को हृदय संबंधी समस्याएं थीं और उनके चिकित्सा कर्मचारियों ने चिंता व्यक्त की कि उनके कीमोथेरेपी उपचार से बेहतर नतीजे नहीं आ रहे हैं। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

ब्राजील को तीन बार बनाया था चैंपियन
पेले ने अपने देश ब्राजील को तीन बार विश्व चैंपियन बनाया। उनके रहते ब्राजील ने 1958, 1962 और 1970 में विश्व कप जीता। 1958 में सूडान के खिलाफ विश्व कप फाइनल में दो गोल दागे थे। पेले ने प्रोफेशनल करियर में कुल 1363 मैच खेले और 1281 गोल दागे। ब्राजील के लिए उन्होंने 91 मैचों में 77 गोल दागे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें