पेरिस ओलंपिक 2024 का उद्घाटन भव्य समारोह के साथ हुआ। इस दौरान छह किमी की परेड आस्टरलिज ब्रिज से शुरू हुई जिसमें 85 नावों में 205 देशों के 6800 से अधिक खिलाड़ी सवार थे और एक शरणार्थी ओलंपिक टीम भी थी। वहीं, समारोह के दौरान अनाउंसर से एक ऐसी गलती हो गई जिस पर दक्षिण कोरिया भड़क गया।
दरअसल, जब दक्षिण कोरिया की टीम सीन नदी के किनारे नौकायन कर रही थी और 48वें प्रतिभागी राष्ट्र के रूप में समारोह में शामिल हुई, तो अनाउंसर ने उन्हें उत्तर कोरिया के नाम से संबोधित किया। उन्होंने फ्रेंच में कहा, "रिपब्लिक पॉपलेयर डेमोक्रेटिक डे कोरी" और उसके बाद अंग्रेजी में "डेमोक्रेटिक पीपल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया।" इस पर दक्षिण कोरिया ने नाराजगी व्यक्त की। शनिवार को दक्षिण कोरिया के खेल मंत्रालय ने पेरिस ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के दौरान हुई इस गलती पर नाराजगी जताई और आयोजकों के साथ बैठक का प्रस्ताव रखा है।