हरविंदर और प्रीति ध्वजवाहक होंगे
स्वर्ण पदक जीतने वाले पैरा तीरंदाज हरविंदर सिंह और पैरालंपिक में दो पदक जीतने वाली प्रीति पाल रविवार को होने वाले पेरिस पैरालंपिक खेलों के समापन समारोह में भारतीय ध्वजवाहक होंगे। 33 वर्षीय हरविंदर ने पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय तीरंदाज बनकर इतिहास रचा था। हरविंदर ने इससे पहले टोक्यो पैरालंपिक में कांस्य पदक जीता था।
हरविंदर ने कहा कि समापन समारोह के दौरान भारतीय ध्वज पकड़ना उनके लिए सर्वोच्च सम्मान की बात की है जिसका उन्होंने सपना देखा था। उन्होंने कहा, भारत के लिए स्वर्ण जीतना ऐसा सपना था जो पूरा हो गया है। अब समापन समारोह में ध्वजवाहक बनने का सर्वोच्च सम्मान मिलना जो मेरा सपना था वो पूरा हो रहा है। यह जीत उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे उम्मीद है कि मैं उन लोगों को प्रेरित करूंगा जो सपने पूरा करना चाहते हैं।