अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद वहां से दो पैरालंपिक खिलाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति (आईपीसी) ने इस बात की जानकारी दी। हालांकि, समिति ने उसने उनके ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं दी। बता दें कि इन खिलाड़ियों को टोक्यो पैरालंपिक खेलों से बाहर होने के लिए मजबूर होना पड़ा था। ताइक्वांडो के दो खिलाड़ियों जाकिया खुदादादी और हुसैन रसोली को टोक्यो पैरालंपिक खेलों में अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व करना था लेकिन तालिबान के कब्जे के बाद वे अपने देश में ही फंस गए।
समिति के प्रवक्ता क्रेगे स्पेन्स से जब इन खिलाड़ियों और उनके खेलों में भाग लेने की संभावना के बारे में पूछा गया, उन्होंने कहा, 'स्थिति नहीं बदली है। हमने एकता प्रदर्शित करने के लिए उद्घाटन समारोह में अफगानिस्तान का ध्वज फहराया। दोनों खिलाड़ी अब अफगानिस्तान से बाहर हैं। उन्हें बाहर निकाल दिया गया है। हम जानते हैं कि वे कहां हैं।' स्पेन्स ने कहा, 'हमारी प्राथमिकता अभी उनके खेल में भाग लेने पर नहीं बल्कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा पर है और हम इसे सुनिश्चित करने के लिए संबंधित व्यक्तियों के साथ काम कर रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण उनकी सुरक्षा है और वे सुरक्षित हैं।'