टोक्यो पैरालंपिक 2021 सकीना खातून
- फोटो : सोशल मीडिया
टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की 65 किग्रा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में जयदीप देसवाल ने निराश किया। पहले प्रयास में जयदीप 160 किग्रा का भार उठाने में असफल रहे। दूसरे प्रयास में भी वह 160 किग्रा का भार नहीं उठा सके। वहीं, तीसरे प्रयास में वह 167 किग्रा का भार उठाने में नाकाम रहे। वह टॉप 7 में भी नहीं जगह बना पाए। इस तरह टोक्यो पैरालंपिक नें उनका सफर समाप्त हो गया।इस स्पर्धा में चीन के लेई लियू ने 198 किग्रा का भार उठाकर गोल्ड मेडल जीता। लेई ने पावरलिफ्टिंग में लगातार चौथा पैरालंपिक स्वर्ण पदक जीता है। वहीं, ईरान के अमीर जाफरी अरंगेह ने 195 किग्रा का भार उठाकर सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया जबकि अल्जीरिया के होसीन बेट्टिर तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
महिलाओं की 50 किग्रा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में सकीना ने किया निराश
टोक्यो पैरालंपिक में महिलाओं की 50 किग्रा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत की सकीना खातून ने निराश किया। वह इस स्पर्धा के फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं। सकीना जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान 90 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था वह इस मुकाबले में अपने पहले प्रयास में 90 किलो से ज्यादा का भार नहीं उठा पाईं। इस तरह भारत की यह पैरा एथलीट इन खेलों में पदक जीतने से चूक गई। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन की हू डांडन ने जीता जिन्होंने 120 किग्रा भार उठाया। जबकि मिस्र की रिहाब अहमद रजत पदक जीतने में सफल रहीं। वहीं ग्रेट ब्रिटेन की ओलिविया ब्रूमे ने महिलाओं की 50 किग्रा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा का कांस्य पदक अपने नाम किया।
सकीना ने इस फाइनल मुकाबले में अच्छी शुरुआत की और पहले प्रयास में 90 किलोग्राम भार उठाया और उनकी पहली रैंक थी। इसके बाद उक्रेन की लिडिया सोलोविओवा ने 104 किग्रा भार उठाकर उन्हें पीछे कर दिया। पहले राउंड में सकीना छठे स्थान पर रहीं जबकि मिस्र की अहमद ने 117 किलो भार उठाकर पहला स्थान प्राप्त किया। इसके बाद सकीना दूसरे प्रयास में 93 किग्रा भार नहीं उठा सकीं लेकिन तीसरे प्रयास में वह 93 किग्रा भार उठाने में सफल रहीं और जिसके बाद वह पांचवें नंबर पर खिसक गईं। उनका यह प्रयास भारत को पदक दिलाने में विफल रहा।