टोक्यो में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में अतिथियों की संख्या में कटौती करने का फैसल किया गया है। तोक्यो ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के दौरान स्टेडियम में एक हजार से भी कम अति विशिष्ट अतिथियों और विदेशी प्रतिनिधियों के मौजूद रहने की संभावना है। इससे पहले 10 हजार लोगों को प्रवेश देने का फैसला किया गया था लेकिन यहां कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण इस संख्या में भारी कटौती की गई है। अतिथियों की संख्या की कटौती के बारे में स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
गुरुवार को क्योदो न्यूज ने सूत्रों ने हवाले से खबर दी कि आयोजक 23 जुलाई को राष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले समारोह के दौरान वहां पहुंचने वाले लोगों की संख्या में कटौती का प्रयास कर रहे हैं। कोरोना वायरस महामारी के कारण लागू आपात स्थिति के बीच खेलों का उद्घाटन समारोह होगा। हालांकि यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि जापान के राजा नारुहितो समारोह में हिस्सा लेकर खेलों की शुरुआत की घोषणा करें।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की पत्नी और देश की प्रथम महिला जिल बाइडेन के समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के बीच मौजूद रहने की संभावना है। बुधवार को टोक्यो में पिछले लगभग छह महीने में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 1,149 नए मामले दर्ज किए गए। 22 जनवरी के बाद शहर में यह एक दिन में संक्रमित पाए जाने वाले लोगों की सर्वाधिक संख्या है।
कोविड संक्रमण को देखते हुए कुछ दिन पहले जापानी पीएम योशिहिदे सुगा ने टोक्यो में कोरोना आपातकाल लागू किया था। 6 सप्ताह का यह आपातकाल 22 अगस्त तक लागू रहेगा। इस दौरान 23 जुलाई से लेकर 8 अगस्त के दरम्यान ओलंपिक खेल होंगे।