टोक्यो ओलंपिक में देश के एकमात्र घुड़सवार फवाद मिर्जा को भारतीय दल की आधिकारिक किट के लिए मंगलवार को जर्मनी में काफी देर तक भटकना पड़ा। घुड़सवारी संघ ने सेरीमोनियल और स्पोर्ट्स किट उनकेरहने वाले शहर ऑकेन की जगह कोलोन भेज दी थी।
फवाद मिर्जा दो घंटे की ड्राइव के बाद कोलोन पहुंचे लेकिन पूरी किट फिर भी नहीं मिली। किट के दो बैग लिपजिग में कस्टम में फंसे हुए हैं जो बाद में भेजे जाएंगे। इसके चलते उनकी टोक्यो की फ्लाइट भी छूटने की नौबत आ गई थी।
रवानगी से एक घंटे पहले उन्होंने फ्रेंकफर्ट एयरपोर्ट पर पहुंचकर किसी तरह फ्लाइट पकड़ी। इससे पहले कस्टम ने किट रोक ली, जिसे भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद छुड़ाया गया। सोमवार रात को ही फवाद अपने घोड़े मेडीकॉट को हवाई जहाज पर चढ़ाने के लिए बेल्जियम गए।