मुक्केबाज विकास कृष्ण ने सिर पर चोट लगने के बावजूद जोरदार खेल दिखाया और ओलंपिक का टिकट कटा लिया, लेकिन उन्हें सेमीफाइनल मुकाबले से हटना पड़ा।
बाकू में खेले जा रहे विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में विकास कृष्ण ने रियो ओलंपिक का टिकट तो कटा लिया, लेकिन क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान उनके सिर पर लगी चोट के कारण सेमीफाइनल मुकाबले से हटना पड़ा और उन्हें अब कांस्य पदक से संतोष करना पड़ेगा।
75 किग्रा भार वर्ग में विकास ने क्वार्टर फाइनल में कोरिया के ली डोंगयुन को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश करने के साथ ही ओलंपिक टिकट हासिल कर लिया। लेकिन जब वह फाइनल में जाने के लिए मुकाबले में उतरने पहुंचे तो उनके माथे पर पट्टी लगी हुई थी। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला तुर्कमेनिस्थान के अचिलोव से होना था।
विकास के साथ गए अधिकारी का कहना है कि विकास आज का मैच नहीं खेल सकते क्योंकि उन्हें मुकाबले से पहले मेडिकली अनफिट हो गए। मैच से पहले खेल अधिकारी सुबह मुक्केबाजों के वजन और मेडिकल स्थिति की जांच की क्योंकि उनकी आंखों के ऊपर पट्टी लगी हुई थी।
राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता मनोज कुमार (64 किग्रा) भी रियो के लिए टिकट कटाने में कामयाब हो गए हैं। वहीं राष्ट्रमंडल खेलों के सिल्वर मेडलिस्ट एल देवेंद्रो सिंह को रियो जाने के लिए आज अपना सेमीफाइनल मुकाबला जीतना होगा क्योंकि इस कैटेगरी में सिर्फ 2 कोटा टिकट है और फाइनल में जाने वाले मुक्केबाज ही रियो जा सकेंगे।
कुल मिलाकर अब तक 3 भारतीय मुक्केबाज रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। विकास और मनोज के अलावा शिव थापा मार्च में एशियाई क्वालीफायर्स से रियो का टिकट कटाने में कामयाब रहे थे।