आईटीटीएफ कजाखस्तान अंतररराष्ट्रीय ओपन में भारत के सिद्धेश पांडे-मुदित दानी और फिदेल आर स्नेहित-सुधांशु ग्रोवर की जोड़ियों को पुरुषों के युगल स्पर्धा में में अपने-अपने सेमीफाइनल हारने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
आईटीटीएफ कजाखस्तान अंतररराष्ट्रीय ओपन में भारतीय पैडलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए। कारागांडा में खेले गए मुकाबले में सिद्धेश पांडे-मुदित दानी और फिदेल आर स्नेहित-सुधांशु ग्रोवर की जोड़ियों को पुरुषों के युगल स्पर्धा में में अपने-अपने सेमीफाइनल हारने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
विज्ञापन
महाराष्ट्र के मुदित एवं सिद्धेश को सऊदी अरब के अली अलखद्रवी और अब्दुलअजीज बू शुलेबिक की जोड़ी ने 3-0 से हराया तो वहीं स्नेहित एवं सुधांशु की जोड़ी को एलन कुरमांगलीयेव एवं किरिल गेरासिमेंको की स्थानीय जोड़ी ने 3-2 से शिकस्त दी।
स्नेहित हालांकि एकल वर्ग के फाइनल में पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने अंतिम चार मुकाबले में बेलारूस के पावेल प्लातोनो को 4-1 से हराया। विश्व रैंकिंग में 405वें स्थान पर काबिज इस भारतीय खिलाड़ी को स्वर्ण पदक के मैच में कजाखस्तान के 46वें रैंकिंग के खिलाड़ी किरिल गेरासिमेंको से भिड़ना होगा।।
विज्ञापन
वहीं अन्य मुकाबले में कौशानी नाथ एवं प्राप्ति सेन की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने उज्बेकिस्तान की कामिला खलीकोवा और मेखरिनिसो नोरकुलोवा की जोड़ी को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में अब उनका सामना रूस की वेलेरिया कोत्स्युर एवं वेलेरिया शचरबतिख की जोड़ी से होगा।