भारत ने 2016 में लखनऊ में बेल्जियम को हराकर जूनियर विश्व कप जीता था। उस टीम में शामिल हरमनप्रीत, गुरजंत, वरुण, सिमरनजीत, नीलकांत शर्मा छह से ज्यादा खिलाड़ी बृहस्पतिवार को टोक्यो में 41 साल का ओलंपिक पदक का सूखा खत्म करने वाली टीम में शामिल हैं। पिछले पांच वर्षों में मिली सफलताओं में 2016 के कोर ग्रुप के खिलाड़ियों का बड़ा योगदान रहा है।
पीएम ने मनप्रीत फोन पर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो में फोन पर भारतीय टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और सपोर्ट स्टाफ को फोन कर बधाई दी और कहा, मनप्रीत जी बहुत-बहुत, बहुत बधाई। गजब किया है टीम ने, इतिहास रच दिया। पूरा देश नाच रहा है। टीम पर गर्व है, सभी को बधाई देना। जब लौटोगे तो मुलाकात होगी। प्रधानमंत्री ने हेड कोच रीड से कहा कि, मुबारक हो, हमने इतिहास रच दिया। कड़ी मेहनत का फल मिल गया। रीड ने कहा कि सेमीफाइनल के बाद आपके शब्द काफी प्रेरक रहे। शुक्रिया।
प्रफुल्लित भारत, गर्वित भारत, हॉकी हमारी राष्ट्रीय पहचान रही है। हमारे युवाओं ने हॉकी को गौरव वापस दिलाने की दिशा में बड़ी छलांग लगाई है। ये दिन भारतवासियों को हमेशा याद रहेगा। ये जीत पूरे देश के लिए गर्व का पल।-नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
भारत के रिकॉर्ड 12 ओलंपिक पदक
भारत के अब ओलंपिक में 12 पदक हो गए हैं जिसमें 8 स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। इसके साथ ही भारत ने ओलंपिक के सर्वाधिक पदकों में जर्मनी को पछाड़ दिया है जिसमें 11(चार स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य) पदक हैं।
65 प्रतिशत आबादी के लिए हॉकी में पहला ओलंपिक पदक : भारत के मौजूदा 65 प्रतिशत से ज्यादा लोग उस समय पैदा भी नहीं हुए थे जब भारत ने 1980 में मास्को ओलंपिक में पिछला पदक जीता था।
रवि ने दिलाया कुश्ती में 9 साल बाद रजत
कुश्ती के 57 भारवर्ग में रवि दहिया को फाइनल में रूसी ओलंपिक समिति के जावेर उगेव के खिलाफ 4-7 से हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत को 2012 लंदन खेलों के बाद दूसरा रजत पदक मिला है तब सुशील कुमार को मिला था।
दीपक पुनिया (86 भारवर्ग) के हाथों से अंतिम दस सेकंड में कांस्य फिसल गया। महिला वर्ग में शीर्ष वरीय विनेश फोगाट (53 भारवर्ग) क्वार्टर फाइनल में बेलारूस की वेनेसा के हाथों हारकर बाहर हो गईं। अंशु मलिक (57 भारवर्ग) रेपचेज में रूसी पहलवान से 1-5 से हारकर बाहर हो गईं।
इनामों की बरसात
- हरियाणा सरकार पहलवान रवि दहिया को चार करोड़, हॉकी खिलाड़ियों सुरेंद्र और सुमित को देगी ढाई-ढाई करोड़ रुपये। प्रथम श्रेणी की सरकारी नौकरी और रियायती दरों पर प्लॉट भी।
- मध्यप्रदेश सरकार देगी हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर और नीलकांत शर्मा को एक-एक करोड़ रुपये
- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) देगी हॉकी टीम को एक करोड़ रुपये