भारतीय कबड्डी टीम ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए शनिवार को छह देशों के पहले कबड्डी मास्टर्स का खिताब जीत लिया। अजय ठाकुर की अगुआई वाली भारतीय टीम ने फाइनल में ईरान को 44-26 से पराजित किया।
तीन बार की विश्व चैंपियन भारतीय टीम ने ईरान को कोई मौका नहीं दिया। भारत ने ईरान को दो बार ऑल आउट किया। अजय ने रेड ने सर्वाधिक नौ और युवा मोनू गोयत ने छह अंक जुटाए। दोनों टीमें इससे पहले अहमदाबाद में 2016 विश्व कप में आमने-सामने हुई थी जिसमें अजय ने भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
बहरहाल, भारतीय टीम शुरुआत से ही ईरान पर हावी दिखी। पहले 20 मिनट में भारत के रेडर्स और डिफेंडर्स ने कमाल का प्रदर्शन किया और ईरान पर अच्छी बढ़त बनाई। इसका फायदा यह रहा कि हाफ टाइम तक भारतीय टीम 18-11 की बढ़त पर थी।
दूसरे हाफ में भारत का आक्रमण और डिफेंस ज्यादा खतरनाक नजर आया। भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में ईरान को दो बार ऑलआउट किया और देखते ही देखते मुकाबला 44-26 से अपने नाम किया।
बता दें कि भारत ने मैच में बेहद तेज शुरुआत की। अजय ठाकुर ओर मोनू गोयत ने गजब की रेड करते हुए भारत को बढ़त दिलाई। ईरान का हालांकि डिफेंस गजब का रहा और उसने कई मौकों पर भारत को परेशान किया।
मजेदार बात यह रही कि फाइनल मुकाबला थोड़ी देर के लिए रोक दिया गया क्योंकि लाइट्स चली गई थी।