टोक्यो ओलंपिक के लिए रविवार को शूटरों की टीम घोषित होने जा रही है, जिसमें कुछ ऐसे फैसले लिए जा सकते हैं जो रियो ओलंपिक की तरह विवादों को हवा दे सकते हैं। दिल्ली विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 10 मीटर एयर राइफल में विश्व नंबर एक एलावेनिल वालरिवान की ओलंपिक टीम में दावेदारी खत्म मानी जा रही थी, लेकिन ओलंपिक कोटा हासिल नहीं करने के बावजूद यह शूटर टीम में चयन की बड़ी दावेदार बनी हुई है।
ऐसे में कोटा हासिल करने वाली अंजुम मौद्गिल को 50 मीटर थ्री पोजीशन में भेजा जा सकता है। यही नहीं ओलंपिक का कोटा हासिल करने वाले 15 शूटरों में से किसी एक का टीम से पत्ता भी साफ हो सकता है।
हालांकि एनआरएआई के अध्यक्ष रणइंदर सिंह ने विश्व कप केदौरान साफ किया था कि ओलंपिक टीम में बड़ा फेरबदल देखने को नहीं मिलेगा। जिन्होंने कोटा जीता है उन्हें अवसर मिल सकता है, लेकिन 10 मीटर एयर पिस्टल में खेलने वाली मनु भाकर को स्पोट्र्स पिस्टल में खिलाए जाने की बात चल रही है। ऐसा मनु की इस इवेंट में नंबर एक रैकिंग होना है। वह राही सरनोबत और चिंकी यादव से ऊपर हैं।
अगर ऐसा हुआ तो दिल्ली विश्व कप में इस इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली चिंकी यादव को टीम से हाथ धोना पड़ सकता है, जो बेहद विवादास्पद कदम होगा। एलावेनिल के 10 मीटर एयर राइफल में खेलने पर व्यक्तिगत और मिक्स स्पर्धा दोनों में खेलेंगी। हालांकि चयन के इन दोनों ही मुद्दों पर चयन समिति बंटी हुई है। ऐसे में रविवार को टीम के चयन को लेकर लंबी खीचतान भी हो सकती है।