भारतीय महिला मुक्केबाज कलैवानी श्रीनिवासन ने कजाखस्तान के नूरसुल्तान में चल रहे एलोरडा कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं, पुरुष मुक्केबाज कुलदीप कुमार ने अंतिम चार में जगह बना ली है। कलैवानी ने 48 भारवर्ग के अंतिम चार के मुकाबले में उज्बेकिस्तान की फरजोना फोजिलोवा को हराया।
कुलदीप ने मेजबान कजाखस्तान के कैरात येरनूर को 48 भारवर्ग के संघर्षपूर्ण मैच में 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। 71 भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल यशपाल कजाखस्तान के अस्लानबेक शिंबेर्गेनोव से 0-5 से हार गए।
इन्हें करना पड़ा कांस्य से संतोष
भारतीय महिला मुक्केबाज बबीबता बिष्ट (81 भारवर्ग), ज्योति (52 भारवर्ग), नीमा (63 भारवर्ग) को सेमीफाइनल में हार के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। सविता (50 भारवर्ग) को क्वार्टर फाइनल में टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता नामिकी त्सुकिमी से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। गीतिका, ललिता, अल्फिया पठान सेमीफाइनल और रजनी क्वार्टर फाइनल में अपनी चुनौती पेश करेंगी। फाइनल मुकाबले सोमवार को खेले जाएंगे।