आखिरकार बी साई परणनीथ के कोच आगुस डि सांतोसो और बॉक्सिंग दल को टीम डॉक्टर करनजीत सिंह को दल में शामिल कर लिया गया। सांतोसो के लिए गोपीचंद ने खुद को दल से अलग किया था। वहीं डॉ. करन को भी नहीं शामिल किया गया था, लेकिन बॉक्सिंग में चोट का खतरा देखते हुए उन्हें दल में शामिल कर लिया गया। इन दोनों के अलावा हॉकी कोच पीयूष दुबे, भवानी की मां रमानी, बॉक्सिंग फीजियो आयुष, सात्विक-चिराग के फीजियो सुमांश सिवालंका को बतौर ट्रेनिंग असिस्ट पार्टनर (टीएपी) दल में शामिल किया गया है। ये सभी गेम्स विलेज में न रहकर आईओए के होटल में रहेंगे।
टोक्यो में कुल 26 एथलीट शिरकत करेंगे। इनकेसाथ 21 सदस्यीय कोच, सपोर्ट स्टाफ और ऑफिशियल का दल भेजा जा रहा है। इसी तरह 15 शूटरों के साथ सात कोच, सपोर्ट स्टाफ भेजे जा रहे हैं लेकिन इनमें पिस्टल विदेशी कोच पावेल स्मिरनॉव और अभिषेक वर्मा के कोच जसपाल राणा का नाम नहीं है। वहीं हॉकी में 16-16सदस्यीय टीम के साथ तीन-तीन अतिरिक्त खिलाड़ी शामिल किए गए हैं। पुरुषों में वरुण कुमार, सिमरनजीत सिंह और गोलकीपर कृष्ण बहादुर थापा को शामिल किया गया है।
लंबी कूद में श्रीशंकर मुरली के पिता और उनके कोच एस मुरली, अविनाश साबले के कोच अमरीश कुमार, दुती चंद के कोच एन रमेश, मैरी कॉम के कोच छोटे लाल, पीवी सिंधू के कोच पार्क ताई सुंग, मनिका के कोच सन्मय परांजपे, विनेश के कोच वॉलर एकोस, बजरंग के कोच शाको, रवि कुमार, दीपक पूनिया के कोच मुराद गाईदोरोव, कमाल मलाईकोव को बतौर निजी कोच साथ भेजा जा रहा है।
पदक की दावेदार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू के साथ चीफ कोच विजय शर्मा, संदीप शर्मा, प्रमोद शर्मा और फीजियो आलाप को जाने की मंजूरी दी गई है। महिला और पुरुष हॉकी टीम के साथ 15 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ होगा।