तीसरी बार ओलंपिक में खेल रही अर्जेंटीना की तलवारबाज मारिया बेलेन पेरेज एक बार फिर पदक नहीं जीत पाई। 36 वर्षीय मारिया की हार के तुरंत बाद उनके कोच और लंबे समय से दोस्त रहे लुकास सॉसेडो ने उनके सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। दरअसल, हुआ यूं कि हार के बाद मारिया एक टीवी इंटरव्यू में मीडिया के सवालों का जवाब दे रही थीं।
इस दौरान वह काफी निराश थीं। तभी उनके कोच लुकास सॉसेडो पीछे से आए। लुकास ने हाथ में एक कागज था, जिस पर लिखा था- क्या तुम मुझसे शादी करोगी। मारिया ने कहा- हां। लुकास ने घुटने पर बैठ कर मारिया को प्रपोज किया, जिसे मारिया ने स्वीकार कर लिया। इस दौरान कोच ने कहा कि जल्दी हां करो बहुत सारे लोग हम दोनों को देख रहे हैं।
मारिया ने कहा, 'हम बहुत खुश हैं। हम बहुत अच्छे पार्टनर हैं। बेशक, हमारे बीच झगड़े होते हैं, लेकिन हम एक दूसरे से बहुत प्यार करते हैं और हम अपना जीवन एक साथ बिताना चाहते हैं।' वहीं, लुकास ने कहा, 'मैं उससे प्यार करता हूं और जब वह मैच हार गई तो वह बहुत दुखी हो गई थी, इसलिए मैंने शादी के लिए प्रपोज किया, जिससे उसकी मानसिकता बदल जाए। मैंने कागज पर लिखा था। अगर वह जीत जाती तो मैं इस पल का इंतजार नहीं करता।' बता दें कि लुकास ने इससे 11 साल पहले भी पेरेज के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था पर उन्होंने मना कर दिया था।