मो फराह और गेलेन रूप जैसे स्टार ओलंपियन एथलीटों को कोचिंग देने वाले एथलेटिक्स कोच अल्बर्टो सालाजार पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन के लिए चार साल का प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बाद दोहा में चल रही विश्व चैंपियनशिप में भी उनके भाग लेने पर प्रतिबंध लग गया है। सालाजार के प्रतिबंधित होने के बाद अमेरिकी ट्रैक एवं फील्ड महासंघ (यूएसएटीएफ) ने कहा कि उसने 61 साल के इस कोच की विश्व चैंपियनशिप की मान्यता वापस ले ली।
यूएसएटीएफ ने कहा, कि हमने वैसे जरूरी कदम उठाए हैं जिससे सालाजार की मान्यता रद्द हो गई। इससे पहले अमेरिकी डोपिंग रोधी एजेंसी (यूएसएडीए) की चार साल की जांच और बंद दरवाजे के पीछे लंबे संघर्ष के बाद 61 साल के सालाजार को प्रतिबंधित करने का फैसला किया गया। यूएसएडीए ने साथ ही कहा कि सालाजार के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग कर रहे कई एथलीटों का उपचार करने वाले टेक्सास के एंडोक्राइनोलॉजिस्ट जैफ्रे ब्राउन को भी चार साल के लिए निलंबित किया गया है।