रिकॉर्ड 25 भारतीय पेशेवर और एमेच्यर गोल्फर गुरुग्राम में तीन से छह अक्टूबर तक होने वाले हीरो महिला इंडियन ओपन गोल्फ टूर्नामेंट 2019 में शिरकत करेंगी। यह टूर्नामेंट 2009 से ही यूरोपीय टूर कैलंडर का हिस्सा है। इसके 2019 के संस्करण की कुल इनामी राशि पांच लाख डॉलर की होगी।
इनमें अदिति अशोक के बाद महिला यूरोपीय टूर में जीत दर्ज करने वाली दीक्षा डागर भी शिरकत करेंगी। 2017 में खिताब जीतने के करीब पहुंची और तब संयुक्त रूप से छठे स्थान पर रही वानी कपूर की निगाहें इस बार खिताब जीतने की हसरत पूरी करने पर रहेंगी।
2018 में दमदार प्रदर्शन करने वाली गौरिका बिशनोई , टवीसा मलिक और रिद्धिमा दिलावरी भी इसमें शिरकत करेंगी। वेल्स की बैकी मॉर्गन अपना खिताब बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगी। साथ 2017 की विजेता कैमिली शिवालियर भी इस टूर्नामेंट का आकर्षण होंगी।