टेबल टेनिस स्टार शरथ कमल ने 10वां राष्ट्रीय खिताब जीतने के बाद 2.75 लाख की ईनामी राशि दिवंगत विश्वा के परिवार को दान कर दी है। एक महीने पहले सड़क हादसे में 18 साल के पैडलर विश्वा की मौत हो गई थी। वो 83वीं राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में खेलने जा रहे थे। इसके बाद शरथ ने अपनी जीत विश्वा को समर्पित की थी। अब शरथ ने अपनी ईनामी राशि भी विश्वा के माता-पिता के नाम कर दी है और उन्होंने कहा है कि आगे भी वो विश्वा के परिवार की मदद करने के लिए कोशिश करेंगे।
तमिलनाडु के राष्ट्रीय सब जूनियर और कैटेड विजेता पैडलर विश्वा दीनदयालन 83वीं राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए गुवहाटी से टैक्सी के जरिए शिलांग जा रहे थे। रास्ते में 12 पहिए के ट्रेलर ने उनकी टैक्सी को चपेट में ले लिया। टैक्सी ड्राइवर की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि विश्वा को अस्पताल में मृत घोषित किया गया। विश्वा राष्ट्रीय टेबल टेनिस में खेलने के बाद 27 अप्रैल को विश्व टेबल टेनिस यूथ कंटेंडर खेलने के लिए भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रिया जाने वाले थे।