टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा से विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सोने की उम्मीद लगाई गई थी। हालांकि, नीरज स्वर्ण पदक तो नहीं जीत पाए, लेकिन रजत पदक जरूर हासिल किया। अब नीरज के इस रजत पदक को उनके टोक्यो ओलंपिक वाले स्वर्ण पदक से भी ज्यादा कीमती माना जा रहा है। अगर नीरज ऐसा ही प्रदर्शन जारी रखते हैं तो आने वाले समय में वो देश को कई स्वर्ण पदक दिलाएंगे। उनके स्वर्णिम प्रदर्शन की गारंटी उनका यह रजत पदक देता है, जो उन्होंने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता है।
नीरज ने टोक्यो ओलंपिक में 84.24 मीटर दूर भाला फेंका था। उनके प्रतिद्वंदी खिलाड़ी इतनी दूरी नहीं तय कर पाए थे। इसके बाद नीरज ने स्वर्ण पदक जीता था और इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया था। वहीं, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्हें भले ही रजत पदक के साथ संतोष करना पड़ा हो, लेकिन उन्होंने 88.13 मीटर दूर भाला फेंका। यह टोक्यो की तुलना में 3.89 मीटर ज्यादा है। हालांकि, इस बार नीरज को कड़ी चुनौती मिली और उनके विपक्षी खिलाड़ी ने दो 90 मीटर से ज्यादा की दूरी हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।