अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल पीठ में चोट के कारण शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय खेलों में अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले से हट गए। शीर्ष वरीय जी साथियान और मनिका बत्रा ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह पक्की की। शरत हरियाणा के सौम्यजीत घोष के खिलाफ तीन सेटों में से दो जीत चुके थे और चौथे सेट में भी 6-1 से बढ़त पर थे। उसके बाद उन्होंने चिकित्सकीय मदद ली और कुछ देर के उपचार के बाद मैच से हटने का निर्णय लिया।
अन्य क्वार्टर फाइनल में जी साथियान ने स्थानीय खिलाड़ी मानव ठक्कर को 4-1 से हराया। साथियान ने 11-7, 11-8, 8-11, 14-12, 13-11 से मुकाबला जीता। साथियान का मुकाबला अब हरमीत देसाई से होगा जिन्होंने दीपित पटेल को 4-0 से हराया। सेमीफाइनल में पहुंचने वाले अन्य खिलाड़ी गुजरात के मानुष शाह रहे जिन्होंने एफ आर स्नेहित को 4-2 से पराजित किया। इससे पहले शीर्ष वरीय मनिका बत्रा ने कृतविका सिन्हा राय को 4-2 से और दूसरी वरीय श्रीजा अकुला ने अयहिका मुखर्जी को 4-0 से हराया। शीर्ष चार खिलाड़ियों में शामिल रीथ टेनिसन को ओलंपियन सुतीर्था मुखर्जी ने 3-1 से पराजित किया।
इससे पहले शरत ने पुरुष एकल के प्री क्वार्टर में पश्चिम बंगाल के जीत चंद्रा को 4-2 (7-11, 11-6, 8-11,11-7, 11-6, 11-6) से हराया, वहीं साथियान ने पश्चिम बंगाल के रोनित भांजा पर इसी अंतर (7-11, 11-8, 7-11, 11-6, 11-9, 11-6) से जीत दर्ज की। महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में हालांकि मनिका बत्रा को कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा। मनिका ने करीबी मुकाबले में कर्नाटक की कुशी वी को 4-3 (4-11, 11-8, 12-10, 4-11, 11-5, 8-11, 11-7) से मात दी।
महिला एकल के अन्य मैचों में पश्चिम बंगाल की अहिका मुखर्जी ने महाराष्ट्र की सातवीं वरीयता प्राप्त स्वस्तिका घोष और ओलंपियन सुतीर्था मुखर्जी ने पांचवीं वरीयता प्राप्त अनुषा कुटुम्बले (मध्य प्रदेश) पर एकतरफा जीत दर्ज की।