इस वर्ष के खेल महाकुंभ का विस्तृत कार्यक्रम अगले एक सप्ताह में तैयार किया जाएगा। खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। खेल महाकुंभ के बजट को इस वर्ष सात से बढ़ाकर 14 करोड़ करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि को भी दोगुना किया जाएगा।
सोमवार को सचिवालय में खेल विभाग के अधिकारियों की बैठक लेने के बाद खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व खेल महाकुंभ की योजना बना ली गई थी। लेकिन निकाय चुनाव समेत अन्य कारणों के चलते कार्यक्रम तैयार नहीं हो पाया था। इस दौरान उन्होंने पिछले वर्ष के विजेताओं को आगे की तैयारियों के लिए उचित मंच न देने पर भी नाराजगी जताई। इस पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को फटकार भी लगाई। उन्होंने चेतावनी दी यदि सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्यक्रम तैयार नहीं किया गया तो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
मुख्य सचिव को बैठक में बुलाया
शिक्षा और खेल विभाग के अधिकारियों के उदासीन रवैये से नाराज कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह को भी बैठक में बुलाया और अधिकारियों के रवैये की शिकायत की।
नहीं मिला गरिमा के उपचार के खर्च का ब्योरा
खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल एथलीट गरिमा जोशी के उपचार का पूरा खर्च सरकार ने उठाने का वादा किया है। लेकिन अब तक गरिमा के पिता या परिवार ने उपचार का इस्टीमेट नहीं दिया है। इसके बिना धनराशि जारी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि जैसे ही इस्टीमेट मिलता है धनराशि जारी कर दी जाएगी।