एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर में वीरवार से शुरू हुई प्रथम इंटर कॉलेज महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में मेजबान सुंदरनगर और कुल्लू ने जीत दर्ज की है। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम राहुल चौहान ने किया।
इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पवन जंबाल, अनिल गुलेरिया व लोकेश शर्णी भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में पहला मैच मेजबान एमएलएसएम कॉलेज व बंजार कॉलेज के बीच खेला गया। बंजार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
पूरी टीम सिर्फ 39 रन पर ही धराशायी हो गई। सुंदरनगर की गेंदबाज अंकिता ने हैट्रिक बनाई। जवाब में सुंदरनगर ने 39 रन का लक्ष्य एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर जीत दर्ज कर ली।
दूसरा मैच बनीखेत कॉलेज व कुल्लू कॉलेज के मध्य खेला गया। कुल्लू ने टॉस जीतकर पहले बनीखेत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मैदान में बल्लेबाजी को उतरी बनीखेत की टीम मात्र 43 रन बना कर ही ऑलआउट हो गई।
कुल्लू की ऑफ स्पिन गेंदबाज रंजना ने 5 विकेट झटके। जवाब में कुल्लू की टीम ने निर्धारित 43 रन के लक्ष्य को एक विकेट के नुकसान पर जीत हासिल की।