स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया के झंडे तले जम्मू में नेशनल स्कूल गेम्स का आगाज सोमवार 10 दिसंबर को होगा। प्रतियोगिता में देश भर से 25 टीमें हिस्सा ले रही है।
राज्य के युवा, सेवा और खेल निदेशालय से जारी अधिसूचना के अनुसार दस से पंद्रह दिसंबर तक नेशनल स्कूल गेम्स होगी। लड़कों के अंडर 17 आयु वर्ग में फुटबाल प्रतियोगिता का विधिवत आगाज बीएसएफ स्पोर्ट्स स्टेडियम पलौड़ा में होगा। 15 दिसंबर को प्रतियोगिता का समापन होगा।
इसी तरह लड़कों के अंडर 19 आयु वर्ग में क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत आगाज 20 दिसंबर को मिनी स्टेडियम परेड में होगा। पांच दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता का समापन 25 दिसंबर को होगा।
नेशनल स्कूल गेम्स के सफल आयोजन के लिए राज्य के युवा, सेवा और खेल निदेशालय के अलावा अन्य संबंधित विभागों की तरफ से तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। खिलाड़ियों के रहने व ठहरने के अलावा खाने पीने का इंतजाम भी किया गया है।