प्रो कबड्डी लीग के छठे सीजन में रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में तेलुगु टाइटंस ने हरियाणा स्टीलर्स को 35-31 से हराया। आखिरी दो मिनटों में पलटे इस खेल ने फैंस के दिलों की धड़कन बढ़ा दी।
तेलुगू की 16 मैचों में यह सातवीं जीत है और वह 44 प्वाइंट्स के साथ ग्रुप-बी में तीसरे नंबर पहुंच गया है। वहीं हरियाणा को 19 मैचों में 12वीं हार का सामना करना पड़ा। टीम 39 प्वाइंट्स के साथ ग्रुप-ए में पांचवें नंबर है।
केरल के राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मैच के पहले हाफ में तेलुगु सात प्वाइंट्स से आगे थी और उसका स्कोर 20-13 था, लेकिन, हरियाणा ने दूसरे हाफ में अच्छी वापसी की और मुकाबला समाप्त होने से दो मिनट पहले तक वह 30-30 की बराबरी पर था। फिर इसके बाद तेलुगू ने लगातार प्वाइंट लेकर मैच अपने पक्ष में कर लिया।
तेलुगु के लिए राहुल चौधरी ने 12, निलेश सालुंके ने सात और विशाल भारद्वाज ने छह प्वाइंट लिए. विजेता टीम ने रेड से 18, टैकल से 15 और आलआउट से दो प्वाइंट अपने नाम किया। हरियाणा के लिए कप्तान मोनू गोयत ने 12 और विकास कंडोला ने सात प्वाइंट अपने नाम किए।