कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि रणबीर सिंह, मेरठ पब्लिक स्कूल के संस्थापक ताराचंद शास्त्री व प्रबंध निदेशक विक्रमजीत सिंह शास्त्री को बालवृक्ष भेंट कर की। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में कक्षा-12 में देश में तीसरा स्थान प्राप्त कर मेरठ पब्लिक स्कूल का नाम रोशन करने वाली छात्रा अनन्या सिंह को मुख्य अतिथि ने 81 हजार रुपये का गिफ्ट चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया और स्वच्छ भारत-स्वस्थ्य भारत का संदेश देते हुए उन्हें इलेक्ट्रोनिक गैजेट्स से दूर रहने व पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सीबीएसई देहरादून क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग 189 स्कूलों की 300 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें मेरठ की 31 टीमों के अलावा देहरादून की 45, गाजियाबाद की 40, गौतमबुद्धनगर की 40, मुरादाबाद की सात, बिजनौर की पांच, सहारनपुर की आठ, रामपुर की एक, मुजफ्फरनगर की एक, बुलंदशहर की 10 और बागपत की एक टीम शामिल है।
बास्केटबाल क्लस्टर का उद्घाटन मुकाबला मेरठ पब्लिक स्कूल (मेन विंग) और दा अध्ययन स्कूल के बीच खेला गया। इसके पश्चात मुकाबले शुरू हुए। पहला मुकाबला खेतान पब्लिक स्कूल (नोएडा) और स्टेप बाई स्टेप के बीच हुआ। यह मुकाबला स्टेप बाई स्टेप ने 31-01 से अपने नाम किया।
दूसरे मुकाबले में भारतीयम स्कूल ने माउंट लिटरा जी स्कूल को 17-12 के अंतर से हराया। तीसरा मैच प्रज्ञान पब्लिक स्कूल ने एस्टर पब्लिक स्कूल को 29-12 से हराकर अपने नाम किया। कोठारी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल और विद्या ज्ञान स्कूल ने भी अपने-अपने मैच जीते।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/