भारत ने पेरिस ओलंपिक में अब तक तीन पदक जीते हैं और ये तीनों पदक कांस्य रहे हैं। मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा, मनु ने सरबजोत के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा और स्वप्निल कुसाले ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किए थे। अब अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ की सदस्य और रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी ने दो ओलंपिक पदक जीतने वाली मनु भाकर को सम्मानित किया है। उन्होंने मंगलवार को पेरिस में बने इंडियन हाउस में मनु को सम्मानित किया।
विज्ञापन
इस अवसर पर नीता ने कहा- पिछले हफ्ते पेरिस में हरियाणा की एक 22 वर्षीय लड़की ने इतिहास रचा और दुनिया को अपने सपनों, जुनून और कड़ी मेहनत की ताकत दिखाई। वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। मनु, आपकी उपलब्धि से हर भारतीय प्रेरित महसूस करता है और भारत की हर लड़की आपकी उपलब्धियों से सशक्त महसूस करती है।
नीता ने कहा, 'टोक्यो खेलों के बाद मनु ने कहा था कि उन्होंने हमारे प्राचीन ग्रंथ भगवद् गीता के ज्ञान का पालन किया है जो हमें सिखाता है कि 'अपना सर्वश्रेष्ठ करो और बाकी सब भगवान पर छोड़ दो।' और उन्होंने यही किया। तीन साल बाद, खेलों में उन्होंने न केवल अपनी बल्कि अपने देश की नियति भी बदल दी।' नीता ने इसके अलावा हर उस एथलीट को भी पेरिस में सम्मानित किया, जो पदक से बस कुछ दूर रह गए और चूक गए। इनमें लवलीना बोरगोहेन और निशांत देव भी शामिल हैं। लवलीना और निशांत मुक्केबाजी में क्वार्टर फाइनल में हार गए थे।