दक्षिण कोरिया ने पांच बार के चैंपियन भारत को सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में शनिवार को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हरा कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज कोरिया ने भारत के छठी बार खिताब जीतने के सपने को तोड़ दिया।
विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने मैच के 9वें मिनट में सिमरनजीत सिंह के मैदानी गोल से बढ़त बना ली थी, लेकिन चौथे क्वॉर्टर (47वें मिनट) में जांग-जोंग ह्यून के पेनल्टी स्ट्रोक पर किए गोल से कोरिया ने स्कोर को 1-1 से बराबर कर लिया। भारत ने इस गोल के खिलाफ विडियो रेफरल लिया लेकिन फैसला उसके खिलाफ गया। अंतिम सीटी बजने से दो मिनट पहले भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टीम उसे गोल में नहीं बदल पाई।
निर्धारित समय में स्कोर 1-1 से बराबर रहने के बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ जिसमें कोरियाई टीम ने भारत को 4-2 से शिकस्त दी। भारत के लिए बीरेन्द्र लाकड़ा और वरुण कुमार ही शूटआउट में गोल कर पाए जबकि मंदीप, सुमित कुमार जूनियर और सुमित गोल करने से चूक गए। शूटआउट में अनुभवी पीआर श्रीजेश की जगह युवा कृष्णा बी पाठक गोलकीपर की भूमिका में थे। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में मेजबान मलयेशिया ने कनाडा को 4-2 से हराया।
कोरिया ने 9 साल बाद इस खिताब को अपने नाम किया। 2010 में वह भारत के साथ संयुक्त विजेता बना था। वहीं, इस हार से भारत का छठी बार खिताब जीतने का सपना टूट गया। इससे पहेल भारत ने 1985, 1991, 1995, 2009 और 2010 में सुल्तान अजलान शाह कप का खिताब अपने नाम किया था।