राष्ट्रीय एंटी डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने प्रतिबंधित दवा लेने पर हॉकी गोलकीपर आकाश चितके पर दो साल का प्रतिबंध लगाया है। चितके पर 27 मार्च को अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया था और 8 अक्टूबर को एंटी डोपिंग अनुशासन समिति (एडीडीपी) की अंतिम सुनवाई के बाद दो साल की अवधि के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।
चितके 27 फरवरी को बंगलूरू में सीनियर टीम के शिविर के दौरान प्रतिबंधित एनाबोलिक स्टेरायड (नौरेनड्रासटेरोन) के लिए पॉजिटिव पाए गए थे। नाडा की वेबसाइट पर बताया गया है कि उनके मामले में डोप उल्लंघन गैर-इरादतन था क्योंकि उन्होंने अपने बाएं पांव में चोट लगने पर दवाई ली थी।
चितके के अलावा विभिन्न स्पर्धाओं के छह और खिलाड़ियों को डोप नियमों के उल्लंघन पर चार साल के निलंबित किया गया है। इसमें पहलवान अमित, कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप कुमार, भारोत्तोलक नारायण सिंह, एथलीट सौरभ सिंह, बलजीत कौर और सिमरजीत कौर शामिल हैं।