गौरतलब है कि बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त तक होना है जबकि एशियाई खेलों की मेजबानी चीन का हांग्जो 10 से 15 सितंबर तक करेगा।
हॉकी इंडिया में प्रभुत्व रखने वाले बत्रा ने यहां जारी बयान में बताया, ‘हॉकी इंडिया के साथ मेरी प्रारंभिक चर्चा के आधार पर अब इस बात की संभावना कम है कि भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में भाग लेगी। हॉकी इंडिया यह नहीं चाहेगा कि उसके खिलाड़ी एशियाई खेलों 2022 से 35 दिन पहले अपने खेल के शीर्ष पर पहुंचे। उसकी कोशिश होगी की खिलाड़ियों की लय और फिटनेस एशियाई खेलों के समय शीर्ष पर रहे।’
उन्होंने कहा, ‘2022 में राष्ट्रमंडल खेल चीन में एशियाई खेलों से ठीक 35 दिन पहले हैं और हॉकी में एशियाई खेलों का विजेता सीधे 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लेगा। इसलिए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना पुरुष और महिला हॉकी टीम दोनों के लिए जरूरी है।’
बत्रा ने कहा, ‘राष्ट्रमंडल खेलों 2022 के लिए भारतीय दल में खिलाड़ियों की संख्या 2018 की तुलना में बहुत कम होगी। इसमें 36 हॉकी खिलाड़ियों के साथ निशानेबाजी और तीरंदाजी के खिलाड़ी भी शामिल नहीं होगें। लगभग 18 निशानेबाज और आठ तीरंदाजों को मिलाकर 2018 की तुलना में 62 खिलाड़ी कम हो गए।’