हॉकी टीम के लिए एचपीडी की जिम्मेदारी अहम रही है। इस पद पर रोलेंट ओल्टमेंस और जॉन जैसे दिग्गज रह चुके हैं। उन्हें करीब पौने नौ लाख से 10 लाख रुपये का वेतन दिया जाता था। जॉन ने अगस्त में इस पद से इस्तीफा दे दिया। साई ने इस पद पर नए दिग्गज की तलाश के लिए विज्ञापन भी निकाला पर किसी ने आवेदन नहीं किया। इस पद पर हमेशा विदेशी प्रशिक्षकों को ही वरीयता दी गई है, लेकिन किसी भारतीय ने भी इसके लिए आवेदन नहीं किया।
साई और हॉकी इंडिया ने एचपीडी के लिए अब नया विज्ञापन निकाला है। सूत्र बताते हैं कि दूसरे विज्ञापन के बावजूद भी किसी ने रुचि नहीं दिखाई है। यह तब है जब साई ने एचपीडी का अनुबंध 2024 के ओलंपिक तक बढ़ाने की बात कही है। साई को हैरानी इस बात की है कि भोपाल में चलाए जाने वाले नेशनल सेंटर ऑफ एक्सिलेंस के लिए पुरुष और महिला टीम का हाई परफॉरमेंस मैनेजर भी नहीं मिला। इस पद पर भारतीयों को ही आवेदन करना था, लेकिन उन्होंने इसमें ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। साई इन पदों पर फिर से भर्ती की तैयारी कर रहा है।