भारतीय हॉकी टीम ने शुक्रवार को अभ्यास मैच में रियो ओलंपिक की चैंपियन अर्जेंटीना को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से रौंद डाला। एक नवंबर से यहां अभ्यास शिविर में जुटी भारतीय टीम का यह पहला अभ्यास मैच था। भारत की ओर से पहला गोल हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कार्नर पर किया।
दूसरा गोल ललित उपाध्याय ने, जबकि तीसरा पेनाल्टी कॉर्नर पर दिलप्रीत सिंह ने दागा। नीलाकांता शर्मा ने चौथा और हार्दिक सिंह ने पांचवां गोल किया। मनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम दूसरा अभ्यास मैच रविवार को स्पेन से खेलेगी।
भारतीय टीम के कोच हरेंद्र सिंह कहा, 'हमने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन मुझे खुशी है कि हमने मैच जीता। हमने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किए और फील्ड गोल भी दागे।बीच में कुछ मौकों पर कोताही बरती गई जो स्वीकार्य नहीं है लेकिन कुल मिलाकर प्रदर्शन संतोषजनक रहा। हमने कुछ नए प्रयोग किए जो सफल रहे। मिडफील्डरों ने स्ट्राइकरों के लिए मौके बनाए और नए खिलाड़ियों ने गोल दागे, जो अच्छा संकेत है।'