उड़ीसा के अमित ने दिलाई बढ़त
भारतीय टीम ने शुरुआती 10 मिनट में विरोधियों को परखा, इसके बाद आक्रमणों की झड़ी लगा दी। 11 से 14 मिनट के बीच तीन मिनट के अंदर भारतीय टीम ने तीन पेनाल्टी कॉर्नर प्राप्त किए। पहले पर गेंद ठीक ढंग से रोकी नहीं जा सकी। दूसरे पर हरमनप्रीत की ड्रैग फ्लिक स्पेनी रक्षक से टकराकर डी के टॉप पर खड़े अमित रोहीदास के पास गई। उनके प्रथम प्रयास की जोरदार हिट को गोलकीपर राफी एड्रियन रोक नहीं पाए। उड़ीसा में हो रहे विश्वकप में भारत के लिए 12वें मिनट में पहला गोल उडिय़ा खिलाड़ी रोहीदास के नाम गया। इसके बाद भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन बेकार गया।
हार्दिक ने किया दूसरा गोल
दूसरे क्वार्टर में 26वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल हार्दिक सिंह ने किया। बांए छोर से वह 25 गज की रेखा से अकेले गेंद को लेकर डी में घुसे। गोल के मुहाने से उन्होंने बैक हिट लगाई जो पाउ कुनील की स्टिक से लगकर गोल में चली गई। हाफ टाइम तक भारत 2-0 से आगे था। इस दौरान भारत के पास 75 प्रतिशत गेंद पर कब्जा रहा।
स्पेन का चौथे क्वार्टर में रहा दबदबा
अंतिम क्वार्टर में स्पेन ने गोल उतारने की भरसक कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षक पंक्ति और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने विरोधियों के प्रयास सफल नहीं होने दिए।