हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने पुरुष और महिला हॉकी टूर्नामेंट में डबल गोल्ड मेडल जीतने पर टीम इंडिया की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पुरुष टीम का पहली बार अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव करना एक शानदार उपलब्धि है और उन्होंने टीम के लिए 11 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को फाइनल में मलयेशिया को 5-1 से हराकर 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया और महाद्वीपीय प्रतियोगिता में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह एशियाई खेलों में भारत का 85वां पदक है, जिसमें 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके साथ ही भारत ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
पुरुष हॉकी टीम
- फोटो : Hockey India
पहली बार एशियाड में खिताब का किया बचाव
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2022 और 2026 में लगातार खिताब हासिल करते हुए पहली बार एशियाई खेलों के अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया और इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ एशियाई खेलों में भारत का यह पांचवां पुरुष हॉकी स्वर्ण पदक है। इससे पहले टीम ने 1966, 1998, 2014 और 2022 में भी जीत दर्ज की थी। यह भी पहली बार हुआ है कि जब भारतीय पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने एशियाई खेलों के एक ही संस्करण में स्वर्ण पदक जीता हो। इस उपलब्धि के साथ, कबड्डी और क्रिकेट के बाद हॉकी महाद्वीपीय प्रतियोगिता में डबल-गोल्ड पोडियम फिनिश दर्ज करने वाला तीसरा भारतीय टीम खेल बन गया है।
टिर्की ने कहा, टीम इंडिया ने लगातार एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक जीते हैं। पिछले एशियाई खेलों में हमने जापान को हराया था और आज फाइनल में मलयेशिया को 5-1 से हराया है। टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा और स्वर्ण पदक दोबारा जीतना एक बेहतरीन उपलब्धि है। भारतीय हॉकी के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि एशियाई खेलों के एक ही संस्करण में महिला और पुरुष दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीते हैं।
टिर्की ने पुरुष और महिला टीमों को सराहा
टिर्की ने दोनों टीमों के कप्तानों, खिलाड़ियों, कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ के शानदार काम की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, महिला हॉकी में चीन के खिलाफ भारत का खिताबी मुकाबला और बेहतर था और उन्होंने बेहतरीन हॉकी खेली। टिर्की ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और कप्तान सभी ने शानदार काम किया है। आज के मैच में ऐसा लग रहा था कि हम मलयेशिया के खिलाफ जीत हासिल कर लेंगे। हमें थोड़ी देर से गोल मिले लेकिन हमने 5-1 से मैच जीत लिया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम सीधे तौर पर 2028 ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर गए हैं, क्योंकि एशियाई खेल हमारा सीधा लक्ष्य था। दोनों टीमों के सभी खिलाड़ियों ने अपनी भूमिका बहुत अच्छे से निभाई। महिला टीम ने और भी बेहतर प्रदर्शन किया और फाइनल में बेहतरीन हॉकी खेली।
सहायक स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा
टिर्की ने कहा कि हॉकी इंडिया की ओर से पुरुष टीम को 11 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 5.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। टिर्की ने पिछले कुछ वर्षों में भारतीय हॉकी को समर्थन देने के लिए ओडिशा सरकार का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, हमारा हमेशा से उद्देश्य खेल और खिलाड़ियों का विकास करना रहा है और उन्होंने इसमें हमारी मदद की है। मैं भारतीय हॉकी के साथ खड़े रहने के लिए ओडिशा सरकार का धन्यवाद करता हूं। केंद्र सरकार भी हमारा पूरा समर्थन कर रही है और मैं इसके लिए सभी का धन्यवाद करना चाहूंगा।