चार बार के ओलंपियन धनराज पिल्लै ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि भारतीय हॉकी टीम अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों के लिए क्वालिफाई कर लेगी। उन्होंने साथ ही कहा कि भारतीय टीम इस समय हॉकी खेलने वाली अन्य शीर्ष टीमों के बराबर हैं। आगामी एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालिफायर के मैचों के निर्धारण के लिए स्विट्जरलैंड के लुसाने में स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के मुख्यालय में नौ सितंबर को ड्रॉ कराए जाएंगे।
पिल्लै ने कहा, ‘इस समय, हम (भारत) ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, हालैंड, अर्जेंटीना, बेल्जियम की बराबरी पर हैं इसलिए उन्हें (भारतीय टीम) किसी भी टीम से भिड़ने से भयभीत नहीं होना चाहिए और पूरे आत्मविश्वास से आगे बढ़ना चाहिए।’ भारत ने ओलंपिक में अंतिम पदक (स्वर्ण) 1980 में जीता था। 2008 बीजिंग ओलंपिक के लिए क्वालिफाई भी नहीं कर सकी थी।