लियोनल मेसी और ओस्माने डेंबेले के दमदार खेल से गत चैंपियन बार्सिलोना ने सेल्टा विगो को 2-0 से हराकर ला लीगा के शीर्ष पर अपनी तीन अंक की बढ़त कायम रखी है। दोनों गोल पहले हाफ में हुए। डेंबेले (10वें मिनट) और मेसी (45वें मिनट) ने गोल किए। इस जीत से बार्सिलोना के 37 अंक हो गए हैं।
एटलेटिको मैड्रिड ने एंटोनी ग्रिजमैन के एकमात्र गोल से एस्पान्योल को 1-0 से पराजित किया। एटलेटिको 34 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है।
मैनचेस्टर यूनाइटेड ने कार्यवाहक मैनेजर ओले गुनेर सोल्सकर के मार्गदर्शन में प्रीमियर लीग (ईपीएल) में कार्डिफ को 5-1 से हराकर मौजूदा सत्र की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। सोल्सकर को सत्र के अंत तक मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इससे पहले मोरिन्हो को मंगलवार को बर्खास्त कर दिया गया था। यूनाइटेड की ओर से मार्कस रैशफोर्ड (तीसरे मिनट), एंडर हरेरा (29वें मिनट), एंथोनी मार्शल (41वें मिनट) और जेसी लिंगार्ड (57वें और 90वें मिनट) ने गोल दागे। लिंगार्ड ने अपना पहला गोल पेनाल्टी पर किया।