कोपा अमेरिका कप के खिताबी फाइनल में सनसीखेज हार के बाद फुटबॉल के सुपर स्टार लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय खेल से संन्यास ले लिया है।
हालांकि मेसी ने अंतरराष्ट्रीय खेल से संन्यास लिया है लेकिन वह पेशेवर खेल जारी रखेंगे। वह अपने क्लब बार्सिलोना के लिए खेलना जारी रखेंगे। कोपा अमेरिका कप के फाइनल में अर्जेंटीना की चिली के हाथों हार के बाद मेसी ने यह फैसला लिया।
जोरदार रोमांचक मुकाबले में पिछली बार की चैंपियन चिली ने अर्जेंटीना को पेनाल्टी शूट आउट में 4-2 से हरा दिया। मेसी ने पेनाल्टी शूट आउट में अर्जेंटीना को मिली पहली पेनाल्टी किक मिस भी कर दी थी।
मेसी ने मैच के बाद कहा, "राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना अब मेरे लिए खत्म हो चुका है। मैं जो कर सकता था मैंने किया। चैंपियन न बन पाना बड़ा अखरता है।"
पिछली बार भी चिली और अर्जेंटीना के बीच खिताबी जंग हुआ था जिसमें मेसी की टीम हार का सामना करना पड़ा था।
निर्धारित समय और 30 मिनट के अतिरिक्त समय में भी दोनों टीमें 0-0 से बराबर थीं। पेनाल्टी शूटआउट में चिली ने बाजी मार ली।
पेनाल्टी शूट आउट में पहली पेनाल्टी दोनों ही टीमों ने मिस कर दी। उसके बाद चिली ने लगातार चार मौकों को गोल करके भुनाया जबकि अर्जेंटीना दो गोल ही कर पाई और मैच गंवा बैठी।
देखें वीडियो