दो बार की चैंपियन मैक्सिको को 1-1 से ड्रॉ पर रोकने के बाद इराक की निगाहें बुधवार को चिली के खिलाफ होने वाले मुकाबले में जीत पर होंगी। इराक ने मैक्सिको के खिलाफ ग्रुप एफ के मैच में विश्व कप का अपना पहला अंक बटोरा था।
चिली के खिलाफ भी वे अपनी लय कायम रखना चाहेंगे। चिली को इंग्लैंड ने पहले मुकाबले में 4-0 से मात दी थी। इराक के स्ट्राइकर मोहम्मद दाउद ने उसके आक्रमण की बागडोर अच्छी तरह संभाल रखी थी। वह कई बार मैक्सिको के गोलपोस्ट पर पहुंचकर उसकी रक्षा पंक्ति के लिए खतरा बने थे।
ये भी पढ़ें: अगर ये कोच होते तो इतिहास रचने वाले जिक्सन नहीं होते टीम इंडिया में शामिल
इराकी फारवर्ड ने 16वें मिनट में गोल करके एशियन चैंपियन को हैरतपूर्ण ढंग से बढ़त दिला दी थी। मैक्सिको ने राबर्टो डि ला रोसा की मदद से 61वें मिनट में बराबरी हासिल कर ली। यदि दाउद चिली के खिलाफ बेहतर कर पाए तो इराक को 16 टीमों में जगह बनाने में बड़ी मदद कर सकते हैं। इराक की टीम दूसरी बार अंडर-17 फीफा विश्व कप में हिस्सा ले रही है।
इराक के कोच खातन जातिर अभी अगले दौर की नहीं सोच नहीं रहे उनका कहना है कि टीम का फोकस पूरी तरह चिली के खिलाफ मैच पर है। दूसरी तरह चिली के गोलकीपर इंग्लैंड के खिलाफ रेड कॉर्ड देखने के कारण मुकाबले में नहीं उतर पाएंगे। चिली के कोच हर्नेन कैपुटो ने कहा कि हमारे पास अच्छे वैकिल्पक गोलकीपर हैं।