टीम की जीत और छेत्री के रिकार्ड पर खुशी व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कप्तान की आगे बढ़कर नेतृत्व करने के लिए प्रशंसा की। पटेल ने ट्वीट किया, 'हमारे कप्तान सुनील छेत्री ने लियोनेल मेस्सी को पीछे छोड़कर 74 गोल के साथ सक्रिय खिलाड़ियों में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचकर एक और उपलब्धि हासिल की। उन्होंने आगे कहा कि कप्तान को बहुत बहुत बधाई और भविष्य में इस तरह की अन्य उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं।' इस जीत से भारत सात मैचों में छह अंक के साथ ग्रुप ई में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत का अगला मैच 15 जून को अफगानिस्तान से होगा।
10 वर्षों के बाद अपने गोल की संख्या की गिनती करेंगे
भारतीय कप्तान ने कहा कि वह शायद 10 वर्षों के बाद अपने गोल की संख्या की गिनती करेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं गोल की संख्या को नहीं गिनता हूं। 10 साल के बाद हम साथ बैठ कर बात करेंगे और इसे गिनेंगे।' उन्होंने कहा, 'हमने बहुत सारे मौके गंवा दिये थे। हम और बेहतर कर सकते थे। यह क्वालिफाइंग अभियान काफी उतार-चढाव से भरा रहा है। पीछे मुड़कर देखे तो लगता है कि हम इसमें बहुत बेहतर कर सकते थे।' छेत्री ने कहा, 'हम इसके बारे में बात करेंगे लेकिन मुझे खुशी है कि हम तीन अंक हासिल करने में सफल रहे।'