भारतीय फुटबॉल टीम को विश्व कप 2018 क्वालीफायर में अपने से 33 स्थान निचले पायदान की टीम गुआम के हाथों 1-2 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय कप्तान सुनील छेत्री मैच के अंतिम मिनट में जरूर एक गोल उतारने में सफल रहे लेकिन इससे पहले ब्रेंडन मैकडोनाल्ड ने 38वें मिनट में मेजबान टीम को बढ़त दिलाई और 62 वें मिनट में ट्रेविस निकला ने बढ़त को दोगुना कर दिया था।
गुआम की टीम ने इससे पहले तुर्केमेनिस्तान की टीम को पराजित किया और भारत के खिलाफ उसकी वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग मैच में एक हफ्ते में दूसरी जीत है।
जीएफए नेशनल ट्रेनिंग सेंटर में गुआम के लिए पहला गोल ब्रेंडन ने रियान के लंबे थ्रोइन पर शानदार हेडर लगाकर किया था जबकि दूसरा गोल ट्रेविस निकला ने अपने बड़े भाई शॉन के लंबे पास पर किया था।
पहले मैच में ओमान से 1-2 से हारने वाली भारतीय टीम के लिए इस मैच में छेत्री ने लगातार दूसरे मैच में गोल किया लेकिन उनके प्रयास भी 141 वीं रैंकिंग की भारतीय टीम की हार को न टाल सके।
गुआम की टीम ग्रुप डी में दो मैचों में छह अंक लेकर शीर्ष पर है। लगातार दूसरी हार से भारतीय टीम की 2018 विश्व कप क्वालीफांइग में शीर्ष तीन टीमों में आने की उम्मीदों को झटका लगा है जिससे 2019 एशिया कप के सीधे प्रवेश की भारत की संभावनाओं पर भी असर पड़ेगा।
पश्चिमी प्रशांत महासागर में अमेरिकी क्षेत्र गुआम की जनसंख्या दो लाख से कम है और वर्ष 2000 से टीम पहली बार विश्व कप क्वालीफायर में हिस्सा ले रही है। तब गुआम को ईरान ने 19-0 जबकि तजाकिस्तान ने 16-0 से हराया था।