सुनील क्षेत्री की अगुवाई में भारत आठवीं बार सैफ कप जीत सकता है।
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय फुटबॉल टीम सोमवार को बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत कर रही है। इस टूर्नामेंट में भारत खिताब का प्रबल दावेदार है। इस साल भारतीय टीम अपनी पूरी क्षमता के साथ उतरेगी और सुनील छेत्री के खेलने से भारत के खिताब जीतने की संभावना काफी ज्यादा है। अब तक इस टूर्नामेंट के 12 संस्करण हुए हैं, इनमें से सात बार भारतीय टीम ने यह टूर्नामेंट जीता है। वहीं भारतीय कप्तान सुनील छेत्री के कहा है कि कोई भी मैच भारत के लिए आसान नहीं रहने वाला। साथ ही उन्होंने कहा है कि जो भी मैच खेलेंगे उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ देते हुए जीतने की कोशिश करेंगे।
भारत के खिलाफ कड़ी चुनौती पेश करेगा बांग्लादेश
भारतीय फुटबॉल टीम के लिए बांग्लादेश को हराना कभी भी आसान नहीं रहा है। इससे पहले ये दोनों टीमें कोलकाता में 2022 विश्व कप क्वालीफायर के पहले चरण के मैच में आमने-सामने हुई थीं। इस समय मैच 1-1 से ड्रा रहा था। इसके बाद दूसरे चरण में भारत ने बांग्लादेश को 2-0 से हराया था। इस टूर्नामेंट में इस साल कुल पांच टीमें भाग ले रही हैं। भारत, बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव। शुरुआती दो मैचों में नेपाल ने मालदीव को 1-0 और बांग्लादेश ने श्रीलंका को 1-0 से हराया है।
तीसरे राउंड के क्वालीफायर से पहले अभ्यास का अच्छा मौका
2023 एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के तीसरे दौर से पहले खिलाड़ियों के पास अभ्यास का अच्छा मौका है। इस टूर्नामेंट में जीत के साथ भारतीय खिलाड़ी अपनी लय हासिल कर सकते हैं। इससे पहले भारत अपने जूनियर खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट में भेजता था ताकि उनके पास भी अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने का अनुभव हो। इस साल एशियाई कप क्वालीफायर को देखते हुए भारत अपने प्रमुख खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट में भेज रहा है।