कोच डिडिएर डेस्चैंप्स ने कहा- मैं बेंजेमा के लिए बहुत दुखी हूं। उन्होंने इस वर्ल्ड कप को अपना गोल बनाया था। हालांकि, इस चोट के बावजूद मुझे अपनी टीम पर पूरा विश्वास है। हम हमारे सामने मौजूद चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बेलोन डी'ओर विजेता फुटबॉलर पिछले कुछ समय से मांसपेशियों में खिंचाव के कारण जूझ रहे थे। शनिवार को समस्या ज्यादा होने पर उन्हें ट्रेनिंग सेशन से दूर रहना पड़ा था। 2018 फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन फ्रांस को इस वर्ल्ड कप से पहले लगा यह पांचवां बड़ा झटका है। इससे पहले टीम के स्टार मिडफील्डर एनगोलो कान्टे और पॉल पोग्बा, एनकुकू और डिफेंडर किम्पेम्बे बाहर हो चुके हैं।
बेंजेमा ने पिछले कुछ सालों में शानदार प्रदर्शन किया है। पिछले सीजन में उन्होंने अपने क्लब रियल मैड्रिड के लिए 44 मैचों में 46 गोल दागे थे। यही वजह थी कि टीम ने ला लीगा खिताब और चैंपियंस लीग का खिताब जीता था। बेंजेमा पिछली बार 2014 फीफा वर्ल्ड कप में खेले थे और फ्रांस के टॉप गोल स्कोरर रहे थे। हालांकि, बेंजेमा 2018 फीफा वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा नहीं थे।
2016 में उन्हें फ्रांस की टीम से बाहर किया गया था। 2018 फीफा वर्ल्ड कप के बाद बेंजेमा नेशनल टीम में लौटे और अब तक फ्रांस के लिए 16 मैचों में 10 गोल दाग चुके हैं। फ्रांस को ग्रुप-डी में रखा गया है। टीम का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंगलवार को है।