भारत में फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी होने की संभावना को अभी भी खारिज नहीं किया जा सकता है। भले ही फीफा में इस तरह के टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी की परंपरा नहीं है। फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के डायरेक्टर (स्थानीय आयोजन समिति) जेवियर सेपी की माने तो इसकी ओपनिंग सेरेमनी को लेकर अभी भी फीफा और भारत सरकार के बीच बातचीत चल रही है।
इसके मायने तो यही है कि अभी भी फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप फुटबॉल की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जा सकती है। भारत में फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट 6 अक्टूबर से शुरू हो रहा है और मेजबान टीम अपने अभियान का आगाज अमेरिका के खिलाफ रात आठ बजे मैच खेल कर करेगी।
ये भी पढ़ें: FIFA U-17 World Cup: ग्रुप -एफ मैक्सिको और चिली हैं खिताब की प्रबल दावेदार
सेपी ने कहा, 'भारत फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप फुटबॉल के रूप में पहली बार बड़े आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भारत में देश में राजधानी दिल्ली सहित सभी छह शहर इसकी मेजबानी के लिए एकदम तैयार हैं। सभी स्टेडियम और फुटबॉल के इस सबसे आयोजन के लिए सभी ढांचा पूरी तरह तैयार हैं। मुझे इसमें शिरकत करने वाली भारत सहित सभी 24 टीमों ने किसी भी तरह की बड़ी दिक्कत की शिकायत नहीं की है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरा इस अंडर-17 वर्ल्ड कप में पहली बार शिरकत करने जा रही मेजबान भारतीय टीम के खिलाड़ियों के लिए यही संदेश है कि वे इसमें जीत और हार की चिंता किए बिना इसमें शिरकत कर ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने की बाबत ही सोचे। मेरी भारतीय टीम के नौजवान खिलाड़ियों को यही सलाह है कि वे इसमें मैदान पर उतर अपनी पूरी ताकत और शिद्दत से खेलें और खेल का लुत्फ उठाएं। मेरा भारत के नौजवान खिलाड़ियों से बस यही कहना है कि बेहतरीन प्रदर्शन कर अपने फैंस का दिल जीतें। मेरा भारत की अंडर-17 टीम के लड़कों से बस यही कहना है कि उन्हें पहली बार फीफा अंडर-17 विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में शिरकत करने का मौका है उसमें वे बेहतरीन प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाए।'