दुनिया के मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टीयानों रोनाल्डो पर खेल के दौरान मारपीट करने का गम्भीर आरोप लगा है। उन्होंने मैच के दौरान दूसरी टीम के खिलाड़ियों के साथ मारपीट और अभद्रता की।
दरअसल, 25 जनवरी को स्पेनिश ला लिगा टूर्नामेंट के एक मैच में रियल मैड्रिड की ओर से खेल रहे रोनाल्डो को अचानक गुस्सा आ गया और उन्होंने विपक्षी टीम के दो खिलाड़ियों इडिमार फ्रेगा और जोस क्रेस्पो को लात और घूंसे मार दिए।
हालांकि रेफरी ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश जरुर की। लेकिन तब तक रोनाल्डो आपे से बाहर हो चुके थे। रेफरी तुरंत कार्रवाई करते हुए रोनाल्डो को रेड कार्ड दिखाकर मैच से बाहर किया।
मैच का नतीजा रियल मैड्रिड के पक्ष में रहा और वह कोरडोबा के खिलाफ 2-1 से मैच जीतने में सफल रहा। मैच के बाद ब्राजीलियन फुटबॉलर और बार्सिलोना के प्लेयर नेमार ने रोनाल्डो के खिलाफ स्वर बुलंद किए थे। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए रोनाल्डो पर कार्रवाई की मांग की थी।
हालांकि मैच के बाद रोनाल्डो ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट कर माफी भी मांगी थी। लेकिन ला लिगा की अनुशासन समिति ने रोनाल्डो पर कार्रवाई करते हुए लीग के अगले दो मैचों पर प्रतिबंध लगा दिया है। फीफा बेस्ट प्लेयर 2014 से नवाजे गए रोनाल्डो खुशनसीब हैं कि उन पर सिर्फ दो मैचों का ही प्रतिबंध लगाया गया।