क्रिस्टियानो रोनाल्डो की धमाकेदार हैट्रिक के दम पर पुर्तगाल ने अगले साल ब्राजील में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप के मुख्य ड्रॉ में अपनी जगह पक्की कर ली है।
पुर्तगाल ने सेकेंड लेग के प्ले ऑफ मुकाबले में स्वीडन को 2-3 से हराया। उसकी ओर से रोनाल्डो ने तीन गोल जबकि जल्टन इब्राहीमोविक ने दो गोल किए। वहीं इस हार के साथ ही स्वीडन की उम्मीद अब खत्म हो गई है।
इस जीत के साथ ही पुर्तगाली टीम ने लगातार चौथी बार फीफा वर्ल्ड कप फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया है। रीयल मैड्रिड के सुपरस्टार रोनाल्डो ने लगातार चार मैचों में गोल करने का कारनामा किया है।
29 मिनट में 5 गोल
कांटेदार मुकाबले की सबसे खास बात यह रही कि पहले हॉफ में एक भी टीम गोल कर पाने में नाकाम रही थी लेकिन दूसरे हॉफ में महज 29 मिनट के खेल में दोनों टीमों ने पांच गोल कर डाले।
रोनाल्डो के हैट्रिक ने रीयल मैड्रिड के साथी और स्वीडन के इब्राहीमोविक के दो गोल के प्रयासों को बेकार साबित कर दिया।
इस स्टार स्ट्राइकर ने अपने हैट्रिक के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोलों की संख्या 47 तक पहुंचा दी जो उनके देश की ओर से दागे सर्वाधिक गोलों के रिकॉर्ड की बराबरी है। वह पूर्व स्ट्राइकर पेड्रो पाउलेटा के बराबर पहुंच गए हैं।
फ्रांस को लगातार 10वीं बार टिकट
पूर्व वर्ल्ड चैंपियन फ्रांस ने पेरिस में हुए एक मुकाबले में यूक्रेन को 3-0 से हराकर लगातार 10वीं बार वर्ल्ड कप फाइनल्स के लिए टिकट कटा लिया है।
फ्रांस के लिए तीन में से एक गोल यूक्रेन की ओर से आत्मघाती गोल के रूप में मिला।