किलियन एम्बाप्पे की हैट्रिक की मदद से पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने लियोनेल मेसी की मौजूदगी वाले बार्सिलोना को चैंपियंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में 4-1 से करारी शिकस्त दी। एम्बाप्पे ने जिस तरह की फार्म दिखाई, उससे मेसी का जादू फीका पड़ गया और बार्सिलोना के पास इस बार वापसी का कोई मौका नहीं रहा।
मेसी ने 27वें मिनट में पेनल्टी पर गोल करके बार्सिलोना को बढ़त दिलाई, लेकिन इसके बाद एम्बाप्पे ने कैंप नोउ स्टेडियम में 32वें, 65वें और 85वें मिनट में गोल करके हैट्रिक बनाई और अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई। पीएसजी की तरफ से अन्य गोल मोइज कीन ने 70वें मिनट में किया।
बार्सिलोना ने चार साल पहले टूर्नामेंट के इसी चरण में पीएसजी पर बड़ी जीत दर्ज की थी। बार्सिलोना तब पहले चरण में 4-0 से हार गया था, लेकिन उसने दूसरा चरण का मैच 6-1 से जीता था। यह हार बार्सिलोना के लिए एक और झटका है, जिसकी टीम पिछले साल क्वार्टर फाइनल में बायर्न म्यूनिख के हाथों 8-2 से करारी हार के बाद एकजुट होकर नहीं खेल पाई है।