अफगानिस्तान में जारी सत्ता संघर्ष के बीच वहां खेलों और खिलाड़ियों को लेकर अनिश्चितता का माहौल बरकरार है। तालिबान द्वारा अफगानिस्तान को अपने कब्जे में लेने के बाद खिलाड़ी अपने और परिवार की जान को लेकर चिंतित हैं और मदद की गुहार लगा रहे हैं। इसे देखते हुए विश्व फुटबॉल संस्था फीफा और खिलाड़ियों की यूनियन फीफप्रो मिलकर उन पुरूष और महिला फुटबॉलरों को अफगानिस्तान से निकालेंगे जो वहां से निकलने के इच्छुक हैं।
फीफा के सेक्रटेरी जनरल फातमा सामोरा ने समाचार एजेंसी से बातचीत में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम फीफप्रो के साथ मिलकर काम करेंगे। फातमा ने कहा कि हमने पहले भी ऐसा किया और फिर से कर सकते हैं।
इससे पहले फीफप्रो ने ट्वीटर पर कहा, 'हम सरकार के साथ मिलकर एक निकासी योजना पर कार्य कर रहें है और उन खिलाड़ियों को निकालेंगे जिन्हें जान का जोखिम है। इस बचाव कार्य में यह भी कोशिश रहेगी कि अधिक से अधिक लोगों को बचाया जाए।
बता दें कि गुरुवार को खिलाड़ियों की संस्था ने उस युवा फुटबॉलर जाकी अनवरी को श्रद्धांजलि दी, जिसकी पिछले हफ्ते काबुल एयरपोर्ट पर अमेरिकी प्लेन मौत हो गई।