फुटबॉल स्टेडियम में स्टैंड गिरने की घटना में लगभग 35 लोग घायल हो सकते थे।
- फोटो : सोशल मीडिया
फुटबॉल के मैदान में आपने कई बेहतरीन गोल देखे होंगे और गोल होने पर जश्न के कई तरीके भी देखे होंगे, लेकिन स्टैंड तोड़ने वाला जश्न शायद ही देखा हो। डच टीम के एक मैच के दौरान बिल्कुल ऐसा ही हुआ है। यहां कुछ फैंस ने अपनी टीम की जीत का जश्न इस कदर मनाया कि स्टैंड ही तोड़ दिया। स्टैंड टूटने से सभी फैंस नीचे भी गिर गए, लेकिन इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। अब इस मामले की जांच होगी और स्टैंड के गिरने की वजहों का पता लगाया जाएगा।
फैंस के जश्न मनाने और स्टैंड के गिरने की घटना का वीडियो कैमरे में भी कैद हो गया। अब यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दुनियाभर के फैंस यह वीडियो देखकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
निजमेजेन और विटेसे टीम के बीच फुटबॉल मैच खेला जा रहा था। मैच के 16वें मिनट में विटेसे के बैडेन फ्रेड्रिक्सन ने एक गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद पूरे मैच में कोई गोल नहीं हुआ और उनकी टीम इसी अंतर के साथ जीत गई। इस जीत के साथ विटेसे डच टॉप फ्लाइट में छठे स्थान पर आ गई। विटेस की जीत के बाद उसके फैंस अपनी टीम को 1-0 से मिली जीत का जश्न मनाने लगे। एक स्टैंड में लगभग 35 फैंस उछल-उछल कर जीत की खुशी मना रहे थे, तभी उनके उछलने से स्टैंड गिर गया। ये सभी फैंस भी नीचे गिर गए, लेकिन किसी को चोट नहीं लगी। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्टैंड गिरने की होगी जांच
नीदरलैंड्स KNVB फुटबॉल महासंघ ने इस घटना पर कहा- एक स्टेडियम जो सुरक्षित होना चाहिए, वह ढह रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। वहीं, निजमेजेन के मेयर ह्यूबर्ट ब्रुल्स ने इस घटना के बाद तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा- जो हुआ उससे मैं बहुत हैरान हूं। मुझे पता है कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है। फिर भी मैं इसकी जांच जल्द से जल्द करवाना चाहता हूं।