फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

FIFA WC: विश्व कप पर चोटों की मार, सेनेगल के बाद अर्जेंटीना और स्पेन को झटका, देखें चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट

Sat, 19 Nov 2022 06:59 AM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा

सार

अर्जेंटीना के तीन खिलाड़ी अब तक चोटों की वजह से बाहर हो चुके हैं। वहीं, सेनेगल के प्रमुख खिलाड़ी सादियो माने की चोट की वजह से सर्जरी हुई है और वह विश्वकप टीम से बाहर हो गए हैं। विश्व कप से दो दिन पहले स्पेन को भी झटका लगा।
विज्ञापन
स्पेन के जोस गाया, अर्जेंटीना के निकोलस गोंजालेज और जुआकिन कोरेया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्वकप शुरू होने से पहले खिताब की प्रबल दावेदार टीमों पर चोटों की मार पड़ रही है। अब तक कई बड़े खिलाड़ी चोटिल हो चुके हैं। 36 वर्ष बाद विश्वकप खिताब जीतने का सपना देख रही अर्जेंटीना की टीम को गुरुवार को उस समय तगड़ा झटका लगा, जब उसके स्टार खिलाड़ी निकोलस गोंजालेज और जुआकिन कोरेया चोटिल हो गए। दोनों खिलाड़ी विश्वकप से बाहर हो गए हैं। वहीं, स्पेन के जोस गाया चोट के कारण शुक्रवार को बाहर हो गए। उनके स्थान पर बार्सिलोना के लिए खेलने वाले अलेंजांद्रो ब्लेड को टीम में लिया गया।
विज्ञापन

अर्जेंटीना के तीन खिलाड़ी अब तक चोटों की वजह से बाहर हो चुके हैं। वहीं, सेनेगल के प्रमुख खिलाड़ी सादियो माने की चोट की वजह से सर्जरी हुई है और वह विश्वकप टीम से बाहर हो गए हैं। अर्जेंटीना फुटबाल महासंघ ने कहा कि फिओरेंटिना क्लब की ओर से खेलने वाले स्ट्राइकर गोंजालेज की मांसपेशियों में अभ्यास सत्र के दौरान चोट लग गई थी। उनकी जगह एटलेटिको मैड्रिड के फॉरवर्ड एंजेल कोरेया को टीम में शामिल किया गया है।

अर्जेंटीना की टीम में शामिल हुए ये खिलाड़ी
महासंघ ने बताया कि जुआकिन कोरेया को भी स्पेशिफाइड चोट के कारण 26 सदस्यीय टीम से हटा दिया गया है। इंटर मिलान के इस खिलाड़ी की जगह अटलांटा यूनाइटेड के फॉरवर्ड थियागो अलमाडा लेंगे। जुआकिन ने बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ खेले गए मैत्री मैच में 5-0 की जीत में एक गोल भी किया था। 21 वर्षीय फॉरवर्ड अलमाडा अपने क्लब के अनुसार विश्वकप में अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व करने वाले पहले एमएलएस खिलाड़ी होंगे। अलमाडा ने सितंबर में होंडुरास के खिलाफ दोस्ताना मैच में राष्ट्रीय टीम में पदार्पण किया था।

सउदी अरब के खिलाफ विश्वकप अभियान का आगाज करेगी अर्जेंटीना
दो बार की विश्व चैंपियन दक्षिण अमेरिकी टीम अर्जेंटीना कतर में होने जा रहे विश्वकप में ग्रुप सी में अपने अभियान का आगाज 22 नवंबर को सउदी अरब के खिलाफ करेगी। कप्तान लियोनल मेसी का यह पांचवां विश्वकप है। वह चोटों से निपटते हुए टीम को विश्व खिताब दिलाना चाहेंगे। ग्रुप सी में अर्जेंटीना को मेक्सिको और पोलैंड का भी सामना करना पड़ेगा।

चोट के बावजूद टीम में शामिल किए गए थे सादियो माने, करानी पड़ी सर्जरी
सेनेगल के स्टार खिलाड़ी सादियो माने का नाम विश्वकप टीम में शामिल किया गया था। टीम को उम्मीद थी कि वह ठीक हो जाएंगे, लेकिन उनकी चोट काफी गंभीर है। माने को आठ नवंबर को वेडर ब्रेमेन के खिलाफ बायर्न म्यूनिख की बुंदेसलीगा में जीत के दौरान बाहर होना पड़ा था। बायर्न ने पुष्टि की है कि गुरुवार को उनकी सफल सर्जरी की गई। इससे वह विश्वकप से बाहर हो गए हैं। ग्रुप ए में शामिल सेनेगल का मुकाबला मेजबान कतर, इक्वाडोर और नीदरलैंड से होगा।
विज्ञापन

ये प्रमुख खिलाड़ी भी हो चुके चोटिल, सबसे ज्यादा विश्व चैंपियन फ्रांस के पांच स्टार
20 नवंबर से 18 दिसंबर तक होने वाले फुटबॉल विश्वकप से पहले कई प्रमुख खिलाड़ी चोटिल हो चुके हैं। इनमें से कुछ तो टीमों से बाहर हो गए हैं, तो कुछ के खेलने पर संदेह है। इनमें सबसे ज्यादा मौजूदा विश्व चैंपियन फ्रांस के पांच स्टार खिलाड़ी शामिल हैं।
  • पॉल पोग्बा (फ्रांस) : पोग्बा को घुटने में चोट लग गई थी। सितंबर में उनकी सर्जरी की गई थी। इस 29 वर्षीय खिलाड़ी ने ट्रेनिंग शुरू कर दी थी लेकिन 31 अक्तूबर को उनके एजेंट ने कहा कि यह मिडफील्डर विश्वकप से पहले जुवेंट्स या विश्व चैंपियन टीम के लिए नहीं खेलेगा।
  • एनगोलो कांते (फ्रांस) : चेल्सी के इस मिडफील्डर को हैमस्ट्रिंग की चोट लगी है। करीब चार माह तक वह खेल से दूर रहेंगे।
  • बोउबाकर कमारा (फ्रांस) : एस्टन विला के मिडफील्डर को सितंबर में घुटने में चोट लगी थी। वह विश्वकप के बाद तक टीम से बाहर रहेंगे।
  • क्रिस्टोफर नुकुंकू (फ्रांस) : आरबी लिपजिग के फॉरवर्ड को विश्वकप के लिए फ्रांस की टीम में शामिल किया गया था। ट्रेनिंग के दौरान टीम के साथी एडुआर्डो कामाविंगा के शॉट के बाद बाएं घुटने में चोट लगने के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
  • प्रेसनेल किमपेंबे (फ्रांस) : पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के इस खिलाड़ी ने हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण विश्वकप से बाहर होने का फैसला किया है।
  • टिमो वेर्नर (जर्मनी) : आरबी लिपजिग के 26 वर्षीय फाॅरवर्ड को नवंबर की शुरुआत में शाख्तार डोनेत्स्क के खिलाफ चैंपियंस लीग में 4-0 की जीत के दौरान टखने में चोट लग गई थी और उन्हें 2022 के बाकी मैचों के लिए टीम से बाहर कर दिया जाएगा।
  • मार्को रीस (जर्मनी) : बोरूसिया डॉर्टमंड के कप्तान को टखने में चोट लगी और वह समय पर पूरी तरह से उबरने में नाकाम रहे। रीस 2014 के विश्वकप में भी नहीं खेल सके थे। वह जर्मनी के ब्राजील रवाना होने की पूर्व संध्या पर चोटिल हो गए थे। 2014 में जर्मनी चैंपियन बना था।
  • रीस जेम्स (इंग्लैंड) : अक्तूबर में एसी मिलान के खिलाफ चेल्सी के चैंपियंस लीग मुकाबले में 22 साल के इस खिलाड़ी के घुटने में चोट लग गई थी। उन्होंने कहा था कि वह इंग्लैंड टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
  • बेन चिलवेल (इंग्लैंड) : चेल्सी की चैंपियंस लीग में दिनामो जगरेब के खिलाफ जीत के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लगने के कारण बेन चिलवेल चोटिल हो गए थे और उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद उन्हें काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे वह विश्वकप से बाहर हो गए हैं।
  • डिओगा जोटा (पुर्तगाल) : लिवरपूल का यह फाॅरवर्ड मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ जीत के दौरान पिंडली में लगी चोट के कारण टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएगा। हालांकि प्रीमियर लीग क्लब के मैनेजर जुएर्गेन क्लॉप ने कहा कि उन्हें सर्जरी की जरूरत नहीं होगी।
  • पेड्रो नेटो (पुर्तगाल) : वोल्वरहैम्पटन वांडरर्स के 22 वर्षीय विंगर को पिछले महीने वेस्ट हैम यूनाइटेड के खिलाफ मैच के दौरान टखने में चोट लग गई थी। उनकी सर्जरी होगी।
  • आर्थर मेलो (ब्राजील) : लिवरपूल के इस मिडफील्डर को अक्तूबर में रेंजर्स के खिलाफ चैंपियंस लीग मुकाबले से पहले मांसपेशियों में चोट लग गई थी।
  • स्कॉट केनेडी (कनाडा): 25 वर्षीय इस डिफेंडर को पिछले महीने के अंत में जर्मनी के सेकेंड डिविजन में एसएसवी जाह्न रेगेंसबर्ग की ओर से खेलते हुए कंधे में चोट लग गई थी।
  • जीसस टेकेटिटो कोरोना (मेक्सिको) : सेविला के इस विंगर को अगस्त में ला लीगा क्लब के साथ ट्रेनिंग के दौरान बाएं टखने में फ्रैक्चर हो गया था और उनकी सर्जरी हुई थी।
  • जियोवानी लो सेल्सो (अर्जेंटीना) : इस मिडफील्डर को विलारियल की ओर से खेलते हुए हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। अर्जेंटीना के कोच लियोनल स्कालोनी ने अपनी टीम की घोषणा करते हुए उन्हें अपूरणीय क्षति करार दिया था।
  • यूटा नाकायामा (जापान) : जापान की 26 सदस्यीय टीम में शामिल किए गए नाकायामा को दो नवंबर को मैच के दौरान चोट लगी थी। 25 वर्षीय इस खिलाड़ी सर्जरी करानी पड़ेगी।
  • अमीन हरित (मोरक्को) : मोरक्को के ओलंपिक डि मार्सिले के फॉरवर्ड अमीन हरित को एएस मोनाको के खिलाफ लिगुए-1 मैच के दौरान घुटने में चोट लग गई, जिससे वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
  • जोस गाया (स्पेन): 18 नवंबर को स्पेन ने अपनी टीम में एक बदलाव किया। उसने चोटिल जोस गाया की जगह बार्सिलोना के लिए क्लब फुटबॉल में खेलने वाले अलेंजांद्रो ब्लेड को शामिल किया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें