हाल ही में थाइलैंड ओपन में अपना खिताब बचाने में नाकाम रही भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल इंडोनेशिया ओपन में भी अपना ताज बचाने में विफल रहीं।
गत चैंपियन साइना का शनिवार को महिला एकल के सेमीफाइनल में जर्मन खिलाड़ी जूलियन शेंक से मुकाबला था जिसमें उन्हें 21-12, 13-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।
साइना की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई। जर्मन खिलाड़ी के खिलाफ साइना की 12 मैचों में यह चौथी हार है।
हालांकि मैच से पहले जूलियन के खिलाफ साइना के बेहतरीन रिकॉर्ड को देखते हुए उम्मीद की जा रही थी कि वह आसानी से जीत हासिल कर लेंगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और पहला सेट आसानी से जीतने के बावजूद साइना को हार का सामना करना पड़ा।
साइना ने पहले सेट में जूलियन को आसानी से 21-12 से जीत लिया। लेकिन दूसरे सेट में जर्मन खिलाड़ी ने जबरदस्त पलटवार किया और 13-21 से जीत हासिल कर बराबरी पर मुकाबला ला खड़ा किया। यही से साइना की लय बिगड़ गई और निर्णायक सेट में भी वह संभल नहीं सकीं।
साइना ने मैच में 11 स्मैश विनर और 17 नेट विनर लगाए जबकि जूलियन ने 11 स्मैश विनर और 16 नेट विनर लगाए। पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच छह-छह अंकों तक बराबरी का मुकाबला रहा। शेंक ने 5-6 से पिछड़ने के बाद लगातार सात अंक लेते हुए 12-6 की मजबूत बढ़त बना ली थी लेकिन साइना ने इसके बाद तूफानी खेल दिखाते हुए लगातार 15 अंक बटोरे। लेकिन साइना इस लय को अगले दो सेट में बरकरार नहीं रख सकीं।